बांदा, के एस दुबे । विकासखंड बड़ोखर खुर्द की ग्राम पंचायत चहितारा के ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों में अनियमितता के आरोपों के मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में जारी पत्र सोशल मीडिया पर सामने आया है। पत्र के अनुसार ग्राम चहितारा निवासी बद्री प्रसाद गुप्ता ने आईजीआरएस के माध्यम से ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। शिकायत की जांच के बाद मामले में शासनादेश के तहत कार्रवाई की संस्तुति की गई है। जिला
पंचायत राज अधिकारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि प्रधान/प्रशासक को प्रशासक पद से हटाकर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को प्रशासक नियुक्त करने तथा संबंधित सचिव ग्राम पंचायत के विरुद्ध निलंबन/अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने के संबंध में निर्देश दिए गए हैं।
पत्र में यह भी उल्लेख है कि निर्माण कार्यों की जांच के लिए उपायुक्त मनरेगा को जांच अधिकारी तथा तकनीकी सहयोग के लिए सहायक अभियंता, जिला पंचायत को नामित किए जाने की प्रक्रिया उच्च स्तर पर प्रचलित है। नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। वहीं, पत्र में शिकायतकर्ता से संपर्क का प्रयास किए जाने और कार्यालय स्तर पर जांच आख्या की चेकलिस्ट के परीक्षण का भी उल्लेख है। दस्तावेज में जिला पंचायत राज अधिकारी, बांदा के हस्ताक्षर दर्ज हैं। फिलहाल पत्र सामने आने के बाद ग्राम पंचायत चहितारा में कराए गए विकास कार्यों और कथित अनियमितताओं को लेकर मामला एक बार फिर चर्चा में है।


No comments:
Post a Comment