बबेरू/बाँदा, के एस दुबे । बबेरू कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत फुफन्दी गांव में सोमवार की रात लगभग 10 बजे नशे की हालत में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनी खेज, घटना सामने आई है। नशे की हालत में एक चचेरे भाई ने अपने ही भाई को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार,सोमवार की रात आरोपी रामू नशे की हालत में अपने 40 वर्षीय चचेरे भाई उमाशंकर कुशवाहा पुत्र संतु कुशवाहा के साथ किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। जब उमाशंकर ने इसका विरोध किया और गाली देने से मना किया, तो आरोपी रामू आगबबूला हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर रामू ने उमाशंकर पर गोली चला दी,जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद घबराए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी
और आनन-फानन में ई-रिक्शा के जरिए घायल उमाशंकर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू पहुंचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत सीएचसी पहुंचे,और डॉक्टरों से घायल की स्थिति की जानकारी ली। सीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उमाशंकर को गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज,बांदा रेफर कर दिया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस क्षेत्राधिकारी और कोतवाली प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ फुफन्दी गांव पहुंच चुके हैं,और घटनास्थल का जायजा लिया जा रहा है। वही पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी बताया की आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दि गई, जिसमे आरोपी रामू सहित अन्य परिवार के लोगो को गिरफ्तार कर लिया, वही घटना मे प्रयोग किये गये अबैध तमंचे को भी बरामद कर लिये, वहीं घायल को बांदा मेडिकल कॉलेज से गंभीर हालत में कानपुर के लिए रेफर किया गया है। वही पुलिस के द्वारा आगे की कार्यवाही की जा रही है।


No comments:
Post a Comment