गाय नाले में फंसी, पैर टूटने का आरोप; स्कूली बच्चों को भी हो रही परेशानी
बांदा, के एस दुबे । ग्राम पंचायत तिलौसा में नाले की सफाई और चौड़ीकरण का मामला एक बार फिर सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाथू वर्मा के पास से लेकर प्राथमिक विद्यालय के पास, राजवाली के मकान तक रपटा तथा संतोष गौतम के मकान तक नाले की स्थिति वर्षों से खराब है। बरसात के दिनों में हर साल जलभराव और आवागमन की समस्या उत्पन्न होती है। समाजवादी पार्टी के नेता इस्लाम खान ने संबंधित उच्च अधिकारियों से नाले की तत्काल सफाई और चौड़ीकरण कराए जाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि नाले की हालत इतनी खराब है
कि आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सोमवार को एक गाय नाले में फंस गई, जिससे उसका पैर टूट गया। वहीं, प्राथमिक विद्यालय के पास नाला होने के कारण स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस्लाम खान का आरोप है कि ग्रामीणों द्वारा ग्राम प्रधान से कई बार नाले के निर्माण और सुधार की मांग की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं कराया गया। उन्होंने ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये के कथित बंदरबांट का भी आरोप लगाया है और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। ऐसे में नाले की तत्काल सफाई, चौड़ीकरण और आवश्यक निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि ग्रामीणों तथा स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी न हो और दुर्घटनाओं पर भी रोक लग सके।


No comments:
Post a Comment