चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार पाण्डेय ने ग्राम कुचारम स्थित आंगनबाड़ी केंद्र व प्राथमिक विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में वर्ष 2017-18 में ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित आंगनबाड़ी भवन की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। आंगनबाड़ी केंद्र का भवन उपयोग योग्य न होने के कारण बच्चों को पेड़ के नीचे बैठकर गतिविधियां करते पाया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में 97 बच्चे नामांकित मिले, जिनमें 68 उपस्थित थे। अधिकारियों ने निपुण कार्यक्रम और प्री-प्राइमरी गतिविधियों की भी जानकारी ली। बच्चों को खुले में बैठा देख जिला कार्यक्रम अधिकारी ने तत्काल विद्यालय के प्रधानाध्यापक को एक कक्षा-कक्ष
आंगनबाड़ी बच्चों के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद विद्यालय ने एक कक्ष उपलब्ध करा दिया, जहां प्री-प्राइमरी कक्षाएं और अन्य गतिविधियां संचालित होंगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जेई एमआई और सीडीपीओ को संयुक्त रूप से आंगनबाड़ी भवन की तकनीकी जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत सचिव से भवन निर्माण की स्वीकृत व खर्च धनराशि समेत संबंधित अभिलेख मांगे गए हैं। भवन की कमियों के लिए जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सीडीपीओ महेंद्र पटेल, जेई राजेंद्र दुबे, सचिव श्रीश्याम, प्रधानाध्यापक प्रीतम सिंह समेत शिक्षक व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।


No comments:
Post a Comment