दो डॉक्टरों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मऊ का शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जन औषधि केंद्र, ओपीडी, जच्चा-बच्चा वार्ड सहित अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएमओ ने जन औषधि केंद्र का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि केंद्र पर उपलब्ध दवाओं को व्यवस्थित ढंग से रखा जाए। उन्होंने चिकित्सकों को हिदायत दी कि मरीजों को बाहर से दवाएं लिखने के बजाय जन औषधि केंद्र में उपलब्ध दवाएं लिखी जाएं, ताकि मरीजों को कम कीमत पर दवाएं मिल सकें। इसके बाद सीएमओ ने जच्चा-बच्चा वार्ड का निरीक्षण किया। मौके पर सात सामान्य प्रसव हुए थे और सभी नवजात स्वस्थ पाए गए। वहीं ऑपरेशन से हुए एक
प्रसव के बच्चे की हालत कुछ नाजुक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया। सीएमओ ने ओपीडी और जांच संबंधी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। बताया गया कि लैब में करीब 80 जांचें हो चुकी थीं। निरीक्षण के दौरान अधिकांश चिकित्सक मौजूद मिले, जबकि दो चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीएमओ ने सर्जन डॉ. विद्यसागर और डॉ. ऋषि प्रताप का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुछ चिकित्सक ड्रेस में नहीं मिले। सीएमओ ने इस पर नाराजगी जताते हुए सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस पहनकर ही ड्यूटी करने की सख्त चेतावनी दी और निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। सीएमओ ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और इसे बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर से दवाएं न लिखी जाएं और अस्पताल में उपलब्ध जन औषधि की दवाओं का अधिक से अधिक उपयोग कराया जाए। इस मौके पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. मोहम्मद हारून सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment