बबेरू बाँदा, के एस दुबे । बबेरू तहसील सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सुबह से चले इस जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं। सुबह से हो रही बारिश के चलते समाधान दिवस में फरियादियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। इस दौरान कुल 36 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपकर जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
समाधान दिवस के दौरान बबेरू क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के भुगतान न किए जाने और भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया जिसमे तीन सप्लायरों ने एडीओ पंचायत गुरु प्रसाद पर पेमेंट के एवज में 70 हजार रुपये रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को तलब करते हुए, मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच टीम के गठन के निर्देश दिए हैं। शिकायतों का विवरण और प्रशासनिक उपस्थिति प्राप्त हुई कुल शिकायतों में अधिकांश मामले जमीनी विवाद, विद्युत विभाग, विकास विभाग और पुलिस विभाग से जुड़े हुए थे। इस अवसर पर बबेरू तहसील से लेकर जिला स्तर तक के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्हें लंबित मामलों का त्वरित और पारदर्शिता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।


No comments:
Post a Comment