बांदा जिले के 1,725 स्कूलों की 4,547 रसोइयों को भी मिला बड़ा तोहफा
बुंदेलखंड की बहनों के चेहरे पर आई मुस्कान, 2000 के मानदेय को सीधे 3000 कर योगी सरकार ने बढाया सम्मान
बांदा की गरीब और जरूरतमंद महिला रसोइयों को मिला रक्षाबंधन का सबसे बड़ा उपहार
बांदा, के एस दुबे । रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई का फर्ज निभाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की बहनों को एक ऐतिहासिक सौगात दी है। उसी क्रम में बांदा जिले के 1725 परिषदीय स्कूलों में कार्यरत 4547 महिला रसोइयों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला किया है। सरकार ने इन गरीब और जरूरतमंद रसोइयों के मानदेय में सीधे 1000 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। अब इन्हें हर महीने 2000 रुपये के बजाय 3000 रुपये का मानदेय मिलेगा। इस फैसले से बांदा की रसोई बहनों के चेहरों पर खुशी की लहर है।
आर्थिक मजबूती के साथ बहनों को मिला सुरक्षा कवच
योगी सरकार का यह फैसला केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने इन महिलाओं के भविष्य को भी सुरक्षित किया है। मानदेय वृद्धि के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने सभी रसोइयों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज और दुर्घटना बीमा का सुरक्षा कवच भी प्रदान किया है। बांदा की तमाम रसोइयां जो आर्थिक रूप से बेहद कमजोर और जरूरतमंद परिवारों से आती हैं। उनके लिए यह उपहार किसी वरदान से कम नहीं है।
बहनों ने जताया सीएम योगी का आभार
इस अभूतपूर्व फैसले के बाद जिले भर के स्कूलों में कार्यरत महिला रसोइयों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है। रसोइयों का कहना है कि आज तक किसी भी सरकार ने उनके सुख-दुख की सुध नहीं ली थी। लेकिन मुख्यमंत्री ने एक सच्चे भाई की तरह रक्षाबंधन पर उनकी आर्थिक तंगी को दूर करने और स्वास्थ्य सुरक्षा देने का काम किया है।
जिले के 1725 स्कूलों में कार्यरत रसोइयों में दौड़ी खुशी की लहर
बांदा के शिक्षा विभाग और प्राथमिक स्कूलों में इस फैसले का जोरदार स्वागत किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम रसोइयों के जीवन स्तर को सुधारने में मील का पत्थर साबित होगा। रक्षाबंधन के इस पावन मौके पर मिला यह रक्षा कवच बांदा की हजारों बहनों के जीवन में एक नई रोशनी लेकर आया है। मुख्यमंत्री के इस फैसले से पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और लोग योगी सरकार की इस संवेदनशील पहल की सराहना कर रहे हैं।


No comments:
Post a Comment