चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों और ‘विकसित भारत - 2047’ के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में अधिकारियों की बैठक हुई। उन्होंने सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी करने और जनप्रतिनिधियों, लाभार्थियों, युवाओं व आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान के तहत 31 दिनों में 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से अभियान की शुरुआत होगी। शाम सात बजे लाभार्थी परिवार घरों
में दीप जलाएंगे। प्रमुख परियोजनाओं, मंदिरों, घाटों, विद्यालयों और चिकित्सालयों में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। ‘बच्चों के सपनों का भारत’ के तहत कक्षा पांच से आठ तक चित्रकला तथा कक्षा नौ से 12 तक भाषण, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताएं होंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत गांव-गांव नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से विकास योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। विश्वकर्मा जयंती पर टूल किट वितरण और अस्पतालों में फल वितरण भी होगा। 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ में आंगनबाड़ी केंद्रों पर आशा-आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व उत्कृष्ट माताओं का सम्मान, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता और पोषण सामग्री वितरण होगा। इस दौरान अधिकारियों को योजनाओं की उपलब्धियों का डेटा बैंक, लाभार्थी सूची तथा विकास कार्यों के फोटो-वीडियो संकलित करने के निर्देश दिए गए। अभियान की त्रिस्तरीय निगरानी और साप्ताहिक समीक्षा होगी। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी चन्द्रशेखर, जिला विकास अधिकारी महिमा विद्यार्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रंजना शुक्ला आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment