बबेरू/बांदा, के एस दुबे । मरका थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बैरफ गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां घर में जमीन पर सोते समय 7 वर्षीय बच्चे को जहरीले सर्प ने काट लिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मरका गांव के बैरफ निवासी शिवकुमार मिश्रा का 7 वर्षीय पुत्र राघव मिश्रा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अपनी मां रानी देवी के साथ घर में जमीन पर सो रहा था। इसी दौरान उसे किसी जहरीले सर्प ने काट लिया, जिससे उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
बबेरू लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज शुरू किया गया, लेकिन उपचार के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, और शव को अपने कब्जे में लेकर रविवार की दोपहर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक मृतक चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। इस अचानक हुई हृदय विदारक घटना से मां रानी देवी, पिता शिवकुमार मिश्र सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


No comments:
Post a Comment