धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, September 5, 2026

धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व

जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गुंजायमान हुआ शहर

बांदा, के एस दुबे । भाद्रपद मास की अष्टमी तिथि को भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव पूरे शहर में अपार श्रद्धा, भक्ति और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। देर रात तक शहर के प्रमुख मंदिरों से लेकर हर घर में उत्सव का माहौल बना रहा। चारों ओर ष्नंद के आनंद भयो, जय हो नंदलाल कीष् और हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के गगनभेदी जयकारे गूंजते रहे। शुभ मुहूर्त के अनुसार मध्यरात्रि ठीक 12 बजे जैसे ही भगवान श्री कृष्ण का जन्म हुआ, मंदिर और घर शंखनाद, घड़ियालों की ध्वनि और जयकारों से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने पूर्ण भक्तिभाव के साथ बाल गोपाल के जन्मोत्सव का स्वागत किया। जन्मोत्सव के उपरांत भगवान श्रीकृष्ण का दूध, दही, देसी घी,


शहद और गंगाजलयुक्त पंचामृत से विधि-विधानपूर्वक अभिषेक किया गया। तत्पश्चात प्रभु को नवीन और मनमोहक वस्त्र धारण कराए गए। आकर्षक आभूषणों, मोगरे-गुलाब के पुष्पों और वैजयंती माला से कान्हा का दिव्य श्रृंगार कर आरती उतारी गई।

प्रभु को प्रसन्न करने के लिए श्रद्धालुओं ने माखन-मिश्री, धनिया पंजीरी, पंचमेवा और कई प्रकार के स्वादिष्ट पकवानों का भोग लगाया। जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीतों के माध्यम से अपनी खुशी का इजहार किया। ‘जुग जुग जिये हो ललनवा भवनवा के भाग जागे’ जैसे मंगल गीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और आनंदमय हो गया। शहर के सभी मंदिरों को भव्य विद्युत रोशनी और सुंदर झांकियों से सजाया गया था, जहां देर रात तक श्रद्धालुओं का दर्शन-पूजन के लिए जनसैलाब उमड़ता रहा।

 शहर में आज श्री राधा रानी और बांके बिहारी जी की भव्य रथयात्रा गाजे-बाजे और पूर्ण धार्मिक उत्साह के साथ निकाली गई। भक्तिमय माहौल के बीच निकाली गई इस रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और पूरे मार्ग में प्रभु के भजनों व जयकारों की गूंज बनी रही। रथयात्रा का शहर में स्थान-स्थान पर श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन मोहन साहू द्वारा रथयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के स्वागत हेतु विशेष रूप से जलपान एवं शीतल पेय की व्यवस्था कराई गई। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई रथयात्रा कृष्णा आइडियल स्कूल परिसर पहुंची। वहां उपस्थित स्कूल प्रबंधन एवं गणमान्य लोगों द्वारा भगवान बांके बिहारी और राधा रानी की विधि-विधान से आरती उतारी गई। महाआरती के उपरांत प्रसाद वितरण के साथ रथयात्रा का सानंद समापन हुआ। आयोजन में स्कूल प्रबंधन, स्थानीय नेताओं एवं नगर वासियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages