चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने सोमवार को कलेक्टरेट सभागार में बाढ़ से प्रभावित सड़कों एवं पुलियों की समीक्षा बैठक की। जिसमें उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियों की मरम्मत में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक में लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने बताया कि बाढ़ से 18 सड़कें क्षतिग्रस्त हुई थीं, जिनमें 14 को मोटरेबल कर आवागमन शुरू करा दिया गया है। शेष चार सड़कों का कार्य भी मंगलवार तक पूरा कराने की जानकारी दी गई। वहीं, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 के अंतर्गत 39 सड़कें व पुलियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। इनमें 16 का मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है। दस ब्रीच में से आठ को ठीक करा दिया गया है, जबकि शेष दो ब्रीच का कार्य तीन दिन में पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। जिला पंचायत
की दो क्षतिग्रस्त सड़कों में एक की मरम्मत पूरी हो चुकी है, जबकि दूसरी पर कार्य चल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुलियों के लिए स्पेशल रिपेयर का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए।
डीएम ने एनएच-35 के अधिकारियों को भरतकूप व शिवरामपुर क्षेत्र में जलभराव की समस्या तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरपालिका की सुपर शटर मशीन से जल निकासी कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता से मरम्मत कराने को कहा। एनएच-731 के अधिकारियों को पहाड़ी में क्षतिग्रस्त व गड्ढायुक्त सड़क का निरीक्षण कर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। निर्देशित किया कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुलियों के मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराकर आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाया जाए। बैठक में सीडीओ डीपी पाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल यादव सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment