डीएम ने रामघाट में बाढ़ प्रभावितों के घर-घर पहुंचकर जानी समस्याएं - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, September 7, 2026

डीएम ने रामघाट में बाढ़ प्रभावितों के घर-घर पहुंचकर जानी समस्याएं

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जनपद में भीषण बाढ़ से प्रभावित रामघाट क्षेत्र में सोमवार को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने पंडों वाली गली, पुलिस चौकी व उतारा बाजार मुहल्ले का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से डोर-टू-डोर संपर्क कर उनकी समस्याएं, नुकसान और प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही राहत व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आंशिक और पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे दो दिन में पूरा कराकर पात्र लोगों को भुगतान कराने को कहा। उन्होंने राहत किट का वितरण सोमवार शाम तक हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए। विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने पर अधिशासी अभियंता विद्युत को टूटे पोल तत्काल हटवाने और नए पोल लगाने की प्रक्रिया तेज कर आपूर्ति


सामान्य कराने को कहा। उन्होंने प्रभावित लोगों को कपड़े व बर्तन आदि की क्षति के लिए सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं रामघाट में सफाई व्यवस्था के लिए मैनपावर बढ़ाने और पंपिंग मशीनों की संख्या बढ़ाकर घरों व दुकानों से कचरा हटाने को कहा। मौके पर 120 सफाई कर्मचारी मिले, जिन्हें बढ़ाकर एक समय में 150 करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने राजापुर, मऊ और मानिकपुर से अतिरिक्त सफाई कर्मियों को बुलाने को कहा गया। क्षति सर्वे में तेजी के लिए लेखपालों के साथ बीएलओ को भी लगाने तथा जरूरत पड़ने पर राहत हेल्प डेस्क का बैनर लगाते हुए जानकारी प्राप्त कर सर्वे करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन होटलों की शाडा के माध्यम से जांच कराने को कहा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल, उपजिलाधिकारी अजय यादव सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

इसी क्रम में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने देवांगना-पटेल तिराहा संपर्क मार्ग का भी स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए सड़क का निर्माण कार्य 30 सितंबर तक अनिवार्य रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल कुमार यादव सहित लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages