चार सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग
फतेहपुर, मो शमशाद । आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष संजय कुमार वर्मा की अगुवाई में बुधवार को संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से गोंडा एवं बाराबंकी की घटनाओं की निष्पक्ष जांच, पंचायत सहायकों की समस्याओं के समाधान, 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी मामले में न्याय तथा धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की मांग की गई।
![]() |
| कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते आसपा के पदाधिकारी। |
ज्ञापन में कहा गया कि गोंडा एवं अयोध्या में हुई घटनाओं के संबंध में पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले को 13 सितंबर को बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में रोकने के बाद पथराव व हिंसक हमले की शिकायत सामने आई थी। पार्टी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज व अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की। पंचायत सहायकों की मांगों के संबंध में पार्टी ने कहा कि लखनऊ के ईको गार्डन में मांगों को लेकर धरना दे रहे पंचायत सहायकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए और उनकी जायज मांगों पर सरकार सकारात्मक निर्णय ले। 68500 शिक्षक भर्ती के आरक्षण मामले में पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा दिए गए आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को नियमानुसार न्याय दिलाने की मांग की गई। वहीं इस्लामिक धर्मस्थलों के संबंध में ज्ञापन में सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद और मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद समेत अन्य धार्मिक स्थलों के विरुद्ध कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग उठाई गई। पार्टी ने कहा कि ऐसे मामलों में कानून और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही कार्रवाई की जाए तथा किसी भी प्रकार के भेदभाव की संभावना को समाप्त किया जाए। ज्ञापन में सभी मामलों को जनहित, सामाजिक न्याय, कानून-व्यवस्था एवं संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा बताते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई कर समयबद्ध समाधान कराने का अनुरोध किया गया। इस मौके पर पवन कुमार, राहुल कुमार, अशोक कुमार आज़ाद, पीयूष गौतम, ब्रजेन्द्र कुमार गौतम, कमर खान, शिव प्रकाश, अज़मत अली, राम प्रकाश, मो हारून, बदरूद्दीन, मो नाज़ खान, राजा राम निषाद, मिथलेश गौतम, रामकेश गौतम, विवेक गौतम, जयकिशन रावत, अरुण कुमार, सुरेंद्र पासवान, धर्मराज, राजन गौतम, दिनेश गौतम, जगदीश गौतम, अज़मत अली, कुलदीप गौतम आदि रहे।


No comments:
Post a Comment