डीएम अमित आसेरी ने जारी की चेतावनी, आपदा में मिलेगी आर्थिक मदद
बांदा, के एस दुबे । जनपद में लगातार हो रही भारी वर्षा और नदियों/नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी अमित आशेरी एवं अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) कुमार धर्मेन्द्र ने जनपदवासियों के लिए सतर्कता निर्देश और गाइडलाइन जारी की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। नागरिक मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें। जरूरी दस्तावेज, दवाइयां, टॉर्च, सूखा भोजन व पीने का पानी सुरक्षित स्थान पर रखें। गैस कनेक्शन बंद करें और बुजुर्गों, बच्चों व दिव्यांगों को प्राथमिकता से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं। प्रशासन द्वारा चिन्हित ऊंचे व सुरक्षित स्थानों में जाएं। उफनते नालों, जलभराव वाले रास्तों, रपटों और पुलियों को पार करने का प्रयास न करें।
गिरे हुए बिजली के तारों व उपकरणों से दूर रहें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। पानी उतरते ही घर लौटने की जल्दबाजी न करें। केवल उबला हुआ या सुरक्षित पेयजल ही इस्तेमाल करें। संक्रमण और मच्छरों से बचाव के लिए आसपास स्वच्छता रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारी वर्षा के कारण हुए नुकसान पर राज्य आपदा मोचक निधि से राहत राशि प्रदान की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति या सहायता पाने के लिए नागरिक नंबरों पर संपर्क कर सकते है।


No comments:
Post a Comment