CLH प्रीती साहू ने जिलाधिकारी के सामने रखी समस्या, दस्तावेज से लेकर ऑनलाइन आवेदन तक में किया सहयोग
बांदा, के एस दुबे । नरैनी विकासखंड के एक गांव की रहने वाली एचआईवी पीड़ित विधवा महिला करीब एक साल से राशन कार्ड बनवाने के लिए परेशान है। आवश्यक दस्तावेज पूरे न होने और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण उसे अब तक सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ नहीं मिल सका। महिला की समस्या सामने आने पर CLH प्रीती साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सहयोग किया। उन्होंने महिला के आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने, राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कराने तथा पात्रता से संबंधित खुली बैठक की कार्रवाई दर्ज कराने में मदद की।
CLH प्रीती साहू ने महिला की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष भी रखी और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कराकर उसे सरकारी योजना का लाभ दिलाने की मांग की। महिला का कहना है कि पति की मृत्यु के बाद परिवार की जिम्मेदारी उसके ऊपर है और बीमारी के चलते आर्थिक स्थिति और भी कठिन हो गई है। राशन कार्ड नहीं होने से उसे सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। दस्तावेज तैयार कराने और ऑनलाइन आवेदन सहित संबंधित कार्रवाई पूरी होने के बाद अब महिला को उम्मीद है कि पात्रता के अनुसार जल्द राशन कार्ड जारी होगा और उसे खाद्यान्न योजना का लाभ मिल सकेगा। वहीं, मामला सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की प्रक्रिया और उसकी निगरानी पर भी सवाल खड़ा करता है।


No comments:
Post a Comment