बिजली शिकायतों को लेकर डीएम ने किया मऊ सब स्टेशन का निरीक्षण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, September 19, 2026

बिजली शिकायतों को लेकर डीएम ने किया मऊ सब स्टेशन का निरीक्षण

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : ग्रामीणों द्वारा विद्युत आपूर्ति और विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा फोन रिसीव न किए जाने की शिकायतों को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने गंभीरता से लिया। डीएम ने पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के साथ सब स्टेशन मऊ का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पड़ताल की और अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि सब स्टेशन पर तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम और मोबाइल नंबर बाहर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं, ताकि बिजली संबंधी समस्या होने पर उपभोक्ता सीधे संपर्क कर सकें। उन्होंने उपखंड अधिकारी से फीडरों की जानकारी ली। इस पर बताया गया कि मऊ सब स्टेशन से कुल नौ फीडर संचालित हैं। इसके बाद बियावल क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति संबंधी रजिस्टर की जांच की


गई, जिसमें 17ः30 घंटे तक बिजली आपूर्ति का विवरण दर्ज मिला। सब स्टेशन ऑपरेटर को निर्देश दिए गए कि उपभोक्ताओं की प्रत्येक कॉल अनिवार्य रूप से रिसीव करें। किसी कारण कॉल छूटने पर तत्काल कॉल बैक कर समस्या की जानकारी लेते हुए समाधान कराया जाए। प्राप्त शिकायत और उसके निस्तारण का विवरण रजिस्टर में नियमित दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत राजापुर को लापरवाही मिलने पर संबंधित अवर अभियंता और ऑपरेटर को नोटिस देने को कहा। साथ ही सुधार न होने पर निलंबन तक की कार्रवाई की चेतावनी दी। सभी उपकेंद्रों के लिए एक समान प्रारूप में कॉल, शिकायत और निस्तारण का दैनिक रिकॉर्ड रखने तथा सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू रखने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता विद्युत एवं उपखंड अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages