आधे घंटे की बारिश ने बिगाड़ी शहर की यातायात व्यवस्था, लगा जाम - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, September 16, 2026

आधे घंटे की बारिश ने बिगाड़ी शहर की यातायात व्यवस्था, लगा जाम

पुरानी जीटी रोड पर स्कूली बस व एंबुलेंस फंसीं, गलत पार्किंग ने बढ़ाई परेशानी

फतेहपुर, मो शमशाद । बुधवार को दोपहर हुई करीब आधे घंटे की मूसलाधार बारिश ने शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी से उतार दिया। बारिश थमने के बाद सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण पुरानी जीटी रोड समेत प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। ज्वालागंज से सदर अस्पताल तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े और करीब पांच मिनट का सफर तय करने में लोगों को आधे घंटे से अधिक समय लग गया। बुधवार सुबह आम दिनों की तरह धूप खिली थी, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश के

बारिश के बाद पुराने जीटी रोड पर लगे जाम में फंसे वाहन।

बाद कई स्थानों पर सड़क व गलियों में जलभराव हो गया। बारिश रुकते ही सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई। इसी बीच सदर अस्पताल तिराहा से बाकरगंज तक सड़क के दोनों ओर गलत तरीके से खड़े चार पहिया वाहनों ने यातायात की समस्या और बढ़ा दी। स्कूलों की छुट्टी का समय होने के कारण कई स्कूली बसें भी एक साथ पुरानी जीटी रोड पर पहुंच गईं। पुरानी तहसील के पास जलभराव और वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के चलते एक स्कूली बस के साथ मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। इससे एंबुलेंस को निकालने में पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम में फंसे छोटे-छोटे बच्चे भी परेशान नजर आए। जाम की सूचना पर यातायात पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गए। अन्य पुलिस कर्मियों ने भी मोर्चा संभालकर वाहनों को एक-एक कर निकालना शुरू किया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। राहगीरों ने सड़क के दोनों ओर गलत तरीके से खड़े वाहनों पर नाराजगी जताते हुए इन्हें जाम का प्रमुख कारण बताया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages