प्रोजेक्ट अलंकार, ग्रामीण स्टेडियम व इनडोर स्टेडियम में धीमी प्रगति पर सिडको का वेतन रोकने के निर्देश
फतेहपुर, मो शमशाद । कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में शुक्रवार को पचास लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में हुई। बैठक में डीएम ने निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को परियोजनाएं चरणबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। डीएम ने पचास लाख से अधिक व एक करोड़ रुपये से कम लागत वाली परियोजनाओं के साथ सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज निर्माणाधीन एवं विलंबित परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण निर्धारित अवधि में पूरा नहीं हो पा रहा है, संबंधित कार्यदायी संस्था
![]() |
| बैठक में भाग लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स। |
अपने मुख्यालय से समन्वय कर निर्माण अवधि रिवाइज कराए, ताकि पोर्टल पर परियोजनाओं की स्थिति सही ढंग से अपडेट हो सके। प्रोजेक्ट अलंकार, बुढ़वा ग्रामीण स्टेडियम व राजकीय इंटर कॉलेज में प्रस्तावित इनडोर स्टेडियम के निर्माण की प्रगति धीमी मिलने पर डीएम ने संबंधित कार्यदायी संस्था सिडको के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सिडको का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही शासन स्तर पर कार्रवाई के लिए पत्राचार करने को भी कहा। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग के मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय, कंप्यूटर लैब व शौचालय ब्लॉक के निर्माण में यूपीसीएलडीएफ की प्रगति, मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग कॉलेज, छात्रावास समेत अन्य कार्यों में सीएनडीएस-55 की प्रगति की समीक्षा हुई। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, जिला कारागार में टाइप-2 आवास और आईटीआई की आधुनिक कार्यशाला में पैक्सफेड तथा आईटीआई भवन निर्माण में यूपीपीसीएल की धीमी प्रगति पर भी डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विभागों की परियोजनाओं में निर्माण कार्य चल रहा है, उनके अधिकारी नियमित रूप से मौके पर निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों को संबंधित कार्यदायी संस्था को लिखित रूप से अवगत कराते हुए समयबद्ध तरीके से सुधार कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने की हिदायत दी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अधिशासी अभियंता सिंचाई, अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment