बरसाती बीमारियों से बचाव का भी दिया मंत्र
फतेहपुर, मो शमशाद । बरसात के मौसम में होने वाली मौसमी बीमारियों और संक्रमण से बचाव के लिए इंडियन रेडक्रास सोसाइटी, आरोग्य भारती एवं दि होमियोपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान तथा डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजन में मां चन्द्रानी इंटर कॉलेज में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया गया। इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के चेयरमैन एवं डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ आपात स्थिति में जीवन बचाने के लिए सीपीआर का प्रशिक्षण दिया। अभियान के दौरान डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को बरसात में होने वाली बीमारियों से बचाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में सहायक होम्योपैथिक औषधि वितरित की। उन्होंने बच्चों को बदलते मौसम में साफ-सफाई, खानपान और स्वास्थ्य के प्रति
![]() |
| बच्चो को औषधि पिलाते डा0 अनुराग श्रीवास्तव |
विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के शिक्षकों को भी सीपीआर यानी कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन का प्रशिक्षण दिया गया। डॉ. अनुराग ने बताया कि हृदय की धड़कन रुकने जैसी आपात स्थिति में तत्काल सीपीआर देना बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान एक वर्ष तक के बच्चे के लिए 15 बार छाती पर दबाव और दो बार सांस देने तथा एक वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति के लिए 30 बार छाती पर दबाव और दो बार सांस देने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में समय पर दी गई प्राथमिक सहायता किसी की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सीपीआर जैसी जीवनरक्षक तकनीक की बुनियादी जानकारी होनी चाहिए। इस दौरान स्वाइन फ्लू से बचाव को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने, हाथों को नियमित रूप से साफ करने, व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने तथा खांसी-छींक या सर्दी-जुकाम की स्थिति में मास्क का प्रयोग करने की सलाह दी गई। विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक राका सत्यवादी, आशु कुमारी, सुजाता, शिवांगी व विनीत सहित विद्यालय के विद्यार्थी मौजूद रहे। प्रमुख सहयोगी एवं प्रबंध समिति सदस्य सुरेश कुमार श्रीवास्तव ने अभियान में सहयोग किया।


No comments:
Post a Comment