चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय में एनएबीएच (अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के लिए राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड) के दूसरे संस्करण के मानकों पर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें बदले हुए मानकों, महत्वपूर्ण बदलावों और उन्हें अस्पतालों में प्रभावी ढंग से लागू करने के तरीकों की जानकारी दी गई। कार्यशाला का उद्देश्य नेत्र चिकित्सा सुविधाओं की गुणवत्ता बढ़ाने, मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मरीज-केंद्रित आई केयर व्यवस्था को और प्रभावी बनाना रहा। एनएबीएच के प्रशिक्षक डॉ. नवीन नीरज और डॉ. गगन डुडेजा ने प्रतिभागियों को नए मानकों के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत गुरुदेव पूजन और
स्वर्गीय पद्मश्री डॉ. बीके जैन को श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई। सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय के रेटीना प्रमुख वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. आलोक सेन ने प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए कार्यशाला को गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यशाला में सद्गुरु संकल्प आई हॉस्पिटल आनंदपुर, शहीद भगत सिंह आई हॉस्पिटल बरेली, आगामी सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय काशी और चित्रकूट अस्पताल की चिकित्सकीय एवं अन्य टीमों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों को एनएबीएच के दूसरे संस्करण के मानकों की पुस्तिका भी दी गई, ताकि अपने संस्थानों में उनका प्रभावी क्रियान्वयन कर सकें। प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने पर अस्पताल निदेशक एवं ट्रस्टी डॉ. इलेश जैन का आभार जताया।


No comments:
Post a Comment