चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जनपद के मूल निवासी और प्रयागराज में रक्षा लेखा विभाग में वरिष्ठ लेखा परीक्षक प्रेम शंकर विश्वकर्मा ने हरियाणा के बहादुरगढ़ में आयोजित 22वीं नेशनल मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। उनके साथ पूर्व नौसैनिक राकेश कुमार सिंह ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। प्रेम शंकर ने तैराकी का प्रशिक्षण किसी पेशेवर कोच या आधुनिक स्वीमिंग पूल में नहीं लिया, बल्कि तालाबों और नदियों में सीखी स्वदेशी शैली के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे। बचपन से मेधावी रहे प्रेम शंकर ने शासकीय इण्टर कॉलिज
में आठवीं तक पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और सीआईसी कर्वी से 12वीं तक शिक्षा हासिल की। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। भारतीय नौसेना और वायुसेना में चयन के बाद 18 वर्ष की उम्र में नौसेना में सेवा शुरू की। 15 वर्ष की सेवा के बाद 33 वर्ष की उम्र में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर एसएससी सीजीएल परीक्षा उत्तीर्ण की और वरिष्ठ लेखा परीक्षक बने। उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए संघर्ष और आत्मविश्वास की प्रेरणादायी मिसाल है।


No comments:
Post a Comment