दो साल से नेटवर्क की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने उठाया कदम
पुलिस ने पांच को हिरासत में लिया
बिंदकी/फतेहपुर, मो शमशाद । मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा इस कदर भड़क गया कि उन्होंने जियो टावर के तकनीशियन को ही बंधक बना लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि हरदौली गांव में करीब दो साल से नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। 5G नेटवर्क नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने टावर कर्मचारी को पकड़ लिया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। मामला बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव का है। बताया जा रहा है कि गांव में जियो का टावर करीब दो वर्ष पहले लगाया गया था, लेकिन इसके
![]() |
| मोबाइल टावर कर्मचारी को बन्धक बनाए ग्रामीण। |
बावजूद ग्रामीणों को नेटवर्क की समस्या से निजात नहीं मिल सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि मोबाइल में नेटवर्क कमजोर रहने के साथ ही 5ळ सेवा भी उपलब्ध नहीं हो रही है। इससे नाराज लोगों ने टावर के तकनीशियन को मौके पर पकड़कर बंधक बना लिया। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने तकनीशियन को बंधक बनाए जाने का वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो पुलिस के संज्ञान में पहुंचा तो अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कराई। पुलिस ने घटनाक्रम में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपितों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले में कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं ग्रामीणों की ओर से बताई जा रही नेटवर्क समस्या की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से नेटवर्क की परेशानी के कारण उन्हें मोबाइल सेवा का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा था। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि समस्या के समाधान के लिए किसी कर्मचारी को बंधक बनाना या कानून हाथ में लेना स्वीकार नहीं किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment