अराजकता फैलाने और जबरन जुलूस में शामिल होने वाली कमेटियों पर रहेगी नजर
प्रशासन को समय से दी जाएगी सूचना
बांदा, के एस दुबे । आगामी जुलूस-ए-गौसिया को लेकर खुद्दाम-ए-गौस ओ ख्वाजा मरकजी कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के मोहल्ला छिपटहरी स्थित मिराज हशमती के आवास पर आयोजित कमेटी की बैठक में जुलूस की व्यवस्थाओं, नई सदस्यता, सहयोगी कमेटियों की जिम्मेदारियों और प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कमेटी के सदर अध्यक्ष मौलाना शफीकुद्दीन के अस्वस्थ होने के चलते मौलाना नजमुज्जफर को सर्वसम्मति से कार्यवाहक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। बैठक में बताया गया कि रबीउस्सानी माह की 11 तारीख को शहर में परंपरागत जुलूस-ए-गौसिया निकाला जाएगा। इसे लेकर मरकजी कमेटी की पहली तैयारी बैठक में सचिव
सैय्यद इमरान अली ने कहा कि जुलूस के बीच में जबरन घुसने वाली कमेटियों को चिन्हित कर उन्हें अंतिम चेतावनी दी जाएगी। जुलूस की व्यवस्था और आपसी सौहार्द को प्रभावित करने अथवा अराजकता फैलाने वाले लोगों की सूचना प्रशासन को पहले से उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में नए सदस्यों को कमेटी से जोड़ने और जुलूस की व्यवस्थाओं में जिम्मेदारियां तय करने पर भी चर्चा हुई। रबिउस्सानी का चांद दिखाई देने की तस्दीक होते ही सहयोगी कमेटियों को दावतनामे वितरित किए जाएंगे। साथ ही नगर के संबंधित विभागों को पत्र भेजकर जुलूस मार्ग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त कराने के लिए कहा जाएगा।
कोषाध्यक्ष नसीब चिश्ती ने कहा कि इस बार जुलूस की अनुमति के लिए प्रशासन को चांद दिखाई देने से पहले ही सूचना दे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जुलूस के समय अनुमति मिलने के कारण सहयोगी कमेटियों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई थी। इस बार प्रशासनिक प्रक्रिया समय से पूरी कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे सभी सहयोगी कमेटियां अपनी तैयारियां बेहतर ढंग से कर सकें। बैठक में निर्णय लिया गया कि अगली आवामी बैठक 12 सितंबर को आयोजित की जाएगी, जिसकी सूचना सभी सहयोगी कमेटियों को दी जाएगी। बैठक में मिराज हशमती, फारुख अहमद, फैजान अजहरी, शहंशाह, आसिफ खान, अब्दुर्रहमान, मुबश्शर रजा, उवैश, सादिक, अनीस, बरकत अली, इस्लाम खान, सैफ कादरी सहित कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment