अतर्रा पुलिस ने चोरी का माल किया बरामद, पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने का दावा
बांदा, के एस दुबे । अतर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नगनेधी में एक सितंबर की रात हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक नगनेधी निवासी आशा ने 11 सितंबर को थाने में सूचना दी थी कि वह परिवार के साथ काम के सिलसिले में दिल्ली गई थीं। इसी दौरान एक सितंबर की रात उनके घर में चोरी हो गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर अतर्रा पुलिस ने खम्हौरा चौराहे के पास से दीपू पुत्र बन्ना उर्फ हरवंश और सलीम पुत्र बन्ना उर्फ हरवंश,
निवासी नगनेधी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में 350 रुपये नगद, पीली धातु का एक लॉकेट, सफेद धातु के दो कड़े, पीली धातु की चार नथिया, सैमसंग कंपनी का फ्रिज, एलजी कंपनी का पंखा, सिलाई मशीन, चार बोरी गेहूं (करीब दो क्विंटल) और दो बोरी चावल (करीब एक क्विंटल) शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 336/26, धारा 305(1)/331(4)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बालमुकुन्द शुक्ला, कांस्टेबल नीलू आर्या, अर्जुन वर्मा, विकास वर्मा और सचिन यादव शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment