कई गाड़ियां जलकर खाक, फायर ब्रिगेड का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन
बांदा, के एस दुबे । जनपद बांदा से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के अति-व्यस्त कालू कुआं चौकी इलाके में स्थित मयूर मोटस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही मिनटों में लपटों ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठता धुएं का गुबार किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। धुएं का घना गुबार होने के कारण सांस लेने और देखने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद फायर फाइटर्स ने जान जोखिम में डालकर
शोरूम का शीशा/गेट तोड़ते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और भीतर खड़ी दर्जनों नई मोटरसाइकिलों और स्कूटियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हीरो बाइक और स्कूटी का मुख्य शोरूम होने के कारण अंदर बड़ी संख्या में नए वाहन, स्पेयर पार्ट्स और मोबिल ऑयल का स्टॉक रखा हुआ था, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। प्रारंभिक तौर पर लाखों-करोड़ों के भारी आर्थिक नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर भीड़ को नियंत्रित किया। आग लगने के सटीक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने और कूलिंग ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।


No comments:
Post a Comment