ओवरब्रिज पर थम गई वाहनों की रफ्तार, पसीना बहाते रहे लोग
खागा, फतेहपुर, मो शमशाद । खागा नगर की यातायात व्यवस्था इन दिनों राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सोमवार को एक बार फिर खागा से किशनपुर जाने वाले ओवरब्रिज पर वाहनों का दबाव बढ़ने से भीषण जाम लग गया। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीर करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। जाम के चलते लोगों को गर्मी और उमस के बीच सड़क पर पसीना बहाने को मजबूर होना पड़ा। ओवरब्रिज पर जाम की स्थिति इतनी विकट रही कि दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ बड़े वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई। जाम में फंसे राहगीर किसी तरह आगे निकलने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए। करीब एक घंटे
![]() |
| ओवर ब्रिज पर लगे जाम का दृश्य। |
की मशक्कत के बाद यातायात कर्मियों ने मोर्चा संभाला और वाहनों को व्यवस्थित कराकर जाम खुलवाया। इसके बाद यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौट सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि खागा-किशनपुर ओवरब्रिज पर जाम अब कोई नई बात नहीं रह गई है। आए दिन यहां यातायात का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार तो लोगों को घंटों जाम में फंसकर अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ता है। यातायात कर्मी भी जाम खुलवाने के लिए दिनभर पसीना बहाते रहते हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। सोमवार को घंटों जाम में फंसे राहगीरों में व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने कहा कि ओवरब्रिज पर वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए यातायात संचालन की बेहतर व्यवस्था किए जाने की जरूरत है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, जाम के कारणों को चिन्हित करने तथा नियमित रूप से यातायात नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि रोजाना लगने वाले जाम से नगरवासियों और राहगीरों को राहत मिल सके।


No comments:
Post a Comment