विश्व दृष्टि दिवस पर वृद्धजनों का हुआ निशुल्क नेत्र परीक्षण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, October 13, 2019

विश्व दृष्टि दिवस पर वृद्धजनों का हुआ निशुल्क नेत्र परीक्षण

विश्व दृष्टि दिवस पर वितरित किए गए चश्मे, आंखों को सुरक्षित रखने के दिए टिप्स 

बांदा, कृपाशंकर दुबे । जिला अस्पताल के नेत्र विभाग में आज गुरुवार को विश्व दृष्टि दिवस मनाया गया। नरैनी स्थित वृद्धाश्रम के वृद्धजनों की आंखों की निशुल्क जांच और उपचार किया गया। साथ ही राष्ट्रीय अन्धता एवं दृष्टि क्षीणता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत लोगों को निरूशुल्क चश्मे भी वितरित किये गए। कार्यक्रम का आयोजन चिकित्सा एवं परिवार कल्याण, चित्रकूटधाम मंडल के अपर निदेशक डा. राकेश रमण की अध्यक्षता में किया गया। 

जिला चिकित्सालय के नेत्र शल्य चिकित्सक डा. एसपी गुप्ता ने बताया कि दृष्टि दोष, अंधापन और दृष्टि संबंधी अन्य समस्याओं के बारे में जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से पूरे विश्व में हर वर्ष अक्टूबर माह के दूसरे गुरुवार को विश्व दृष्टि दिवस मनाया जाता है। विश्व दृष्टि दिवस की शुरुआत वर्ष 2000 में विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा की गई थी और इस वर्ष की थीम ‘विजन फर्स्ट’ यानि कि दृष्टि प्रथम रखी गई है। 
डॉ. रमण ने बताया कि आँखों से सम्बंधित अधिकतर समस्याओं जैसे मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, जन्मजात मोतियाबिंद और तिरछापन का यदि समय से इलाज कराया जाए तो दृष्टि को लम्बे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है। जीवन में शुरुआत से आंखों का ख्याल रखने से दृष्टि सम्बंधित 75 प्रतिशत बीमारियों से बचाव संभव है। दृष्टि दोषों का सबसे अधिक प्रभाव बच्चों और वृद्धों पर पड़ता है। खासकर आज-कल की जीवन शैली में लैपटाप और मोबाइल फोन के इस्तेमाल से भी दृष्टि प्रभावित हो रही है। इसलिए जरूरी है कि हम अपनी आंखों पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा आंखों की ज्योति सुरक्षित रखने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनमें बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाया जाना और राष्ट्रीय अन्धता एवं दृष्टि क्षीणता कार्यक्रम के तहत मुफ्त चश्मा वितरण शामिल हैं। उन्होंने सभी को पौष्टिक खान-पान और आंखों को सुरक्षित रखने के लिए टिप्स दिए और नेत्र-दान का संकल्प लेने और सन्देश फैलाने के लिए प्रेरित किया। डा. रमण ने वृद्धाश्रम के सभी वृद्धजनों के निशुल्क नेत्र परीक्षण, संपूर्ण शारीरिक जांच एवं उपचार को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।    
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक डा. आरबी गौतम, जिला पुरुष व महिला चिकित्सालय के सीएमएस डा. सम्पूर्नानद और डा. उषा सिंह, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या, चित्रकूट मण्डल एसएन त्रिपाठी, जिला पुरुष चिकित्सालय के प्रबंधक डा. राम वर्मा, वृद्धाश्रम के प्रबंधक श्याम किशोर और अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।

ऐसे रखें आँखों का ख्याल

  1. सुबह मुँह में ठंडा पानी भरकर आंखों में ठन्डे पानी के छीटें मारें
  2. दिन में 3-4 बार आंखों में ठन्डे पानी के छीटें मारें 
  3. हरी पत्तेदार सब्जियों व विटामिन-ए से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करें
  4. लैपटॉप और मोबाइल फोन का लगातार लम्बे समय तक उपयोग न करें 
  5. लगातार बिना पलकें झपकाए एक जगह न देखें
  6. कभी-कभी हलके हाथों से आँखों की मालिश करें 
  7. आँखों की कोई भी समस्या होने पर समय से जाँच कराएँ 
  8. किसी तरह का दृष्टि दोष होने पर चिकित्सक के परामर्श अनुसार चश्मे का इस्तेमाल करें 
  9.        धूप में निकलते समय चश्मा लगाएँ


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages