स्थगित हुई परिवार नियोजन सेवाएं फिर से बहाल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, June 5, 2020

स्थगित हुई परिवार नियोजन सेवाएं फिर से बहाल

आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के बाद परिवार नियोजन कार्यक्रम शुरू
कोरोना वायरस संक्रमण काल में रोक दी गई थी परिवार नियोजन सेवाएं

हमीरपुर, महेश अवस्थी । कोरोना वायरस संक्रमण काल में प्रभावित हुई स्वास्थ्य सेवाएं धीरे-धीरे पटरी पर आ रही हैं। आवश्यक सेवाओं के बाद अब परिवार नियोजन सेवाओं को भी बहाल किया गया है। हालांकि शिविर के माध्यम से नसबंदी आंपरेशन जैसी गतिविधियां नहीं हो सकेंगी, लेकिन प्रसव के दौरान अगर कोई महिला इच्छुक है तो उसका आंपरेशन होगा। परिवार कल्याण के नोडल अधिकारी डा. रामअवतार ने बताया कि इस वक्त कोरोना महामारी की रोकथाम में पूरा महकमा लगा हुआ है। जिसकी वजह से परिवार नियोजन सेवाएं सुचारू रूप से नहीं चल पा रही थी, लेकिन अब शासन ने इन सेवाओं को कोविड-19 के प्रोटोकांल का पालन करते हुए शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। जिस पर अमल शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा परिवार सीमित रखने के जो भी संसाधन मुहैया कराए जा रहे हैं, वह सबके सब फिर से शुरू कर दिए गए हैं। जिला अस्पताल के साथ-साथ समस्त सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भनिरोधक गोलियां, कंडोम की पर्याप्त उपलब्धता है। गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा की भी शुरुआत कर दी गई। इसके अलावा प्रसव पश्चात कांपर टी (पीपीआईयूसीडी), कांपर टी (आईयूसीडी) की भी सुविधा सभी प्रसव इकाइयों में शुरू है। 

लाभार्थियों की संख्या बढ़ी 
हमीरपुर। प्रमुख सचिव के मई माह में जारी हुए पत्र के बाद से ही जनपद के समस्त प्रसव इकाइयों में शुरू हुई परिवार नियोजन सेवाओं के लाभार्थियों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हुई है। परिवार नियोजन विशेषज्ञ रवि प्रजापति ने बताया कि मई माह के आखिरी दस दिनों में 5 महिलाओं के नसबंदी आंपरेशन हुए। 700 ने कांपर टी अपनाई, प्रसव पश्चात 168 महिलाओं ने कांपर टी के विकल्प को चुना। 18 महिलाओं ने अंतरा इंजेक्शन और 84 महिलाओं ने छाया टेबलेट अपनाई है। 

प्रमुख सचिव के पत्र की खास बातें
हमीरपुर। प्रमुख सचिव ने कोविड-19 के लक्षणों के आधार पर स्वास्थ्य कर्मियों की डियूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अनुसार उन ब्लाकों और शहरी क्षेत्रों, जिनमें कोविड-19 के केस दर्ज हुए हैं, उसमें फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कर्मियों जिनकी डियूटी उन्हीं क्षेत्रों में पहले से लगी है, उनके माध्यम से सिर्फ खाने वाली गर्भनिरोधक गोलियों एवं कंडोम का वितरण कराया जाएगा। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में परिवार नियोजन सेवाओं की अंतराल विधियों का संचालन पहले की भांति किया जाएगा। वहीं ऐसी आशा, एएनएम अन्य स्वास्थ्य कर्मियों, जिनकी कोविड-19 के हांट स्पांट कंटेनमेंट जोन में डियूटी लगाई गई है, या जो स्वास्थ्य कर्मी ऐसे क्षेत्र में पहले से ही रहते हैं या जिनमें कोविड-19 के लक्षण परिलक्षित होते हैं, उनकी डियूटी उपरोक्त कार्यों में नहीं लगाई जाएगी। नांन कोविड-19 प्रसव इकाइयों पर सभी अस्थाई विधियां जैसे पीपीआईयूसीडी, आईयूसीडी, अंतरा, छाया, कंडोम, गर्भनिरोधक गोलियां आदि पहले की भांति संचालित की जाएंगी। जहां वीएचएनडी के सत्र होते हैं। वहां पर आवश्यकतानुसार परिवार नियोजन से जुड़ी सामग्री का वितरण शुरू किया जाए।

1 comment:

Post Bottom Ad

Pages