इकलौते चिराग के बुझने से घर में मचा कोहराम
फतेहपुर, शमशाद खान । मलवां थाना क्षेत्र के चक्की नाका ओवर ब्रिज के नीचे ट्रेन की चपेट में आने से प्रवासी चाचा-भतीजे की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर दोनों परिवारों के बीच कोहराम मच गया। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बताया जा रहा है कि पारिवारिक चाचा-भतीजे किसी से पैसा लेने जाने की बात कहकर घर से निकले थे और यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार मलवां थाना क्षेत्र के बरमतपुर गांव निवासी 18 वर्षीय धीरेंद्र पासवान पुत्र महेंद्र पासवान व 19 वर्षीय रामू पासवान पुत्र रामखेलावन दोनों रिश्ते में चाचा भतीजे हैं। दोनों मुंबई में रहकर शटरिंग का काम करते थे। कोरोना वायरस संक्रमण काल के दौरान हुए लॉकडाउन मंे दोनों मुम्बई से घर वापस आ गये थे। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे घर से किसी से पैसे लेने की बात कहकर निकले थे। जैसे ही दोनो चक्की नाका रेलवे क्रासिंग पर पहुंचे तभी एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गयी। हादसे की जानकारी मिलने पर दोनों के परिवारीजन मौके पर पहुंचे और शवों को देखकर कोहराम मच गया। उधर घटना की सूचना पाकर पहंुची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों की मानें तो रामू पासवान अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था। पुलिस उपाधीक्षक नगर केडी मिश्र ने बताया कि घटना दिन के करीब 11 बजे की है। पारिवारिक चाचा-भतीजे किसी से पैसा लेने जाने की बात कहकर घर से निकले थे और ट्रेन दुर्घटना में दोनों की मौत हो गयी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


No comments:
Post a Comment