शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
फतेहपुर, शमशाद खान । पर्यावरण संरक्षण को लेकर चल रहे अभियान के क्रम में शुक्रवार को केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने अमर शहीद स्थल बावनी इमली पहुंचकर पौधरोपण किया। उन्होने विभिन्न प्रजातियों के पौध रोपित करते हुए लोगों से अपील किया कि अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का काम करें। तत्पश्चात उन्होने शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
 |
| शहीद स्थल बावनी इमली में पौधरोपण करतीं केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति। |
खजुहा कस्बा स्थित शहीद स्थल बावनी इमली में जिले की सांसद एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति पार्टीजनों के साथ पहुंची और परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। तत्पश्चात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अमर शहीद जोधा सिंह अटैया के नेतृत्व वाले 51 महान क्रांतिकारी को बर्बर अंग्रेज सरकार ने फांसी चढ़ा दिया था। उन्होने कहा कि इन क्रान्तिकारियों की शहादत को जनपद कभी नहीं भुला सकता। उन्होने कहा कि समय-समय पर इस स्थल का चहुमुखी विकास कराया जा रहा है। उन्होने कहा कि इस स्थल को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित कराया जायेगा। उन्होने कहा कि वर्तमान समय में पौधरोपण अभियान चल रहा है। इस अभियान से सभी को जुड़ना चाहिए क्योंकि पौधे हमें जीवन रूपी आक्सीजन प्रदान करते हैं। पौधे नहीं होंगे तो इस धरती पर जीवन असंभव हो जायेगा। उन्होने लेागों का आहवान किया कि पौधों का रोपण करने के बाद उनकी देखभाल भी करें। जिससे पौधा सूखने न पाये और बड़ा होकर वृक्ष का रूप धारण कर हमें जहां आक्सीजन दें वहीं इससे फल, फूल व औषधि भी मिल सके। इस मौके पर तमाम भाजपाई मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment