प्रशासनिक लापरवाही लोगों पर पड़ रही भारी
फतेहपुर, शमशाद खान । जनपद में कोरोना का अब रौद्र रूप सामने आ रहा है। कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा ढाई सैकड़ा से बढ़कर तीन सैकड़ा की दिशा की तरफ बढ़ना शुरू हो गया है। वहीं संक्रमण से मरने वालों की संख्या भी बढ़नी शुरू हो चुकी है। कोरोना के असर से पुलिस कर्मी, शिक्षक, बिजली विभाग, न्यायालय, कलेक्ट्रेट कर्मचारी से लेकर मीडिया हाउस तक अछूते नही है। दिन प्रतिदिन कोरोना की आने वाली रिपोर्ट्स चैकाने वाली होती हैं। लोग ईश्वर से आंकड़े कम रहने के लिये मिन्नते कर रहे है। वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य महकमा जिला प्रशासन व सरकार की आंख में धूल झोंकने का काम कर रहा है। कोरोना के शक में जांच कराने जाने वालों को न सिर्फ वापस कर दिया जा रहा है बल्कि जांच कराने वालों की रिपोर्ट्स मिलने में भी देरी की जा रही है। इस अवधि में जांच कराने वाले को होम क्वारन्टीन होने तक के लिये नहीं कहा जाता। वहीं पाजिटिव मरीजों के परिजनों की तत्काल जांच करने एवं आइसोलेशन भेजने पर भी स्वास्थ्य महकमे का ढीला रुख देखने को मिल रहा है। कोरोना संदिग्ध मिलने के बाद जिलाधिकारी द्वारा क्षेत्र को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर सील कर दिया जाता है। नियमानुसार
कंटेनमेंट क्षेत्र में लोगो को आने जाने को प्रतिबंधित कर नियमित निगरानी की जाती है। वहीं स्वास्थ्य टीमों द्वारा क्षेत्र के निवासियों नियमित जांच एवं नये रोगियों की पहचान कर कोरोना महामारी रोकथाम के उपाय शुरू किए जाते है लेकिन फिलहाल ऐसी कोई व्यवस्था जमीन पर नजर नही आ रही है। पिछले चैबीस घण्टे के दौरान जनपद में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या एवं मरीजों की मौत से लोगो मे माथे पर चिन्ता की लकीरें हैं। तेजी से बढ़ते मरीजों की संख्या ने जनपद में कन्टेनमेंट क्षेत्रो की सँख्या बढ़ने के साथ ही लोगो की दिलो की धड़कने भी बढ़ा दी है। गौतम नगर मोहल्ले के एक पाजिटिव मरीज की मौत से शुरू हुआ सिलसिला बढ़ता हुआ रिटायर शिक्षक व देवीगंज मोहल्ले के एक निवासी महिला से होता हुआ कहां तक जायेगा यह तो नहीं कहा जा सकता लेकिन तेजी से पैर पसार रहे कोविड 19 के संक्रमण चपेट में जनपद की तीनों तहसीलों के प्रमुख कस्बों के साथ मोहल्ले भी आते जा रहे हैं। कोरोना की रोकथाम के लिये सरकार द्वारा सप्ताह में दो दिनों के लिये लॉकडाउन घोषित किया गया है। जिसके तहत आवश्यक वस्तुओं को छोडकर सभी तरह की दुकानें एवं व्यापारिक गतिविधियां पर पाबंदी रहती है। धर्म स्थल, शादी विवाह समेत सभी कार्यक्रम बन्द है। जिला प्रशासन द्वारा बंदी का पालन भी कराया जा रहा हैं। मोहल्लों को सेनेटाइज करने का भी कार्य हो रहा है लेकिन कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है।
![]() |
| ज्वालागंज तिराहे पर बैरीकेटिंग पर तैनात पुलिस कर्मी। |


No comments:
Post a Comment