गर्मी के तेवरों के बीच पंखा व कूलर दे गए जवाब - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, May 29, 2024

गर्मी के तेवरों के बीच पंखा व कूलर दे गए जवाब

पारा 45 के पार, चिलचिलाती धूप से जनजीवन अस्त-व्यस्त

फतेहपुर, मो. शमशाद । मई का महीना समाप्ति की ओर है और गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। पारा 45 के पार होने के चलते चिलचिलाती धूप की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। धूप से बचने के लिए लोग तरह-तरह के जतन करते दिखाई दे रही है। अब तो पंखा व कूलर ने भी हवा देना बंद कर दिया है। सिर्फ एसी में रहने वाले लोगों को ही गर्मी से निजात मिलती दिख रही है। गर्मी के चलते संक्रामक बीमारियों की चपेट में बहुतायत लोग हैं। सदर अस्पताल समेत निजी चिकित्सालयों में मरीजों की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। बताते चलें कि गर्मी अपने पूरे शबाब पर है। जिसकी वजह से आम अवाम बेहाल है। गर्मी के असर से बीमारियों ने भी अपने पांव पसार दिये हैं। हालत यह है कि गर्मी की चिलचिलाती तेज धूप और गर्म हवाओं के तेज थपेड़ों का अवाम पर बुरा असर पड़ रहा है। मौसम की मार से मरीजों की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। इस समय बुखार, खसरा के साथ साथ शहर के कई मोहल्लों में चेचक का प्रकोप भी जारी है। शरीर में पानी की कमी की वजह से अन्य बीमारियां भी सिर उभार रही है। पेट के मरीजों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हो रहा है। संक्रामक बीमारियों से जनता परेशान है। गर्मी के कारण लोग बेहाल है। सड़कों पर निकलने वाले लोग तरह-तरह के जतन करते दिखाई दे रहे हैं। मार्गों में पूरा-पूरा दिन सन्नाटा पसरा रहता है। व्यापारी भी दिन के समय अपनी दुकानों के आधे शटर गिराकर आराम करते दिखाई देते हैं। जरूरी कामों से सड़क पर निकलने वाले लोग अपने आपको पूरी तरह ढक कर निकल रहे हैं। महिलाएं तो बकायादा अपने सिर पर स्टाल से पूरा ढक कर व छतरी लगाकर ही बाहर निकल रही हैं। पुरूष भी अंगौछे से अपने मुंह को ढक कर बाइकों पर फर्राटा भरते हुए दिखाई देते हैं। गर्मी के कारण हर एक व्यक्ति की जुबां पर सिर्फ एक ही बात आ रही है कि यह गर्मी कब जायेगी और जल्दी से बारिश शुरू हो जाये।

धूप से बचने के लिए दुपट्टे से सिर ढके युवतियां।

शाम को मौसम में आया बदलाव

फतेहपुर। बुधवार की सुबह से ही जहां आसमान से आग बरस रही थी वहीं शाम लगभग साढ़े पांच बजे से अचानक मौसम में बदलाव देखा गया। आसमान पर जहां बादल छा गए वहीं तेज गर्म हवाएं भी चलने लगी। जिससे कुछ हद तक लोगों को गर्मी से राहत मिली। लोगों का अनुमान है कि इस वर्ष जल्द ही मौसम में परिवर्तन होगा और बारिश शुरू हो जाएगी। जिससे इस भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। लेकिन अभी नौतपा चल रहे हैं जिसके चलते दो जून तक राहत मिलने के आसार कम है। 

बिजली कटौती से लोग बेहाल 

फतेहपुर। जहां एक ओर लोग भीषण गर्मी से बेहाल है वहीं विद्युत विभाग भी लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहा है। दिन में कई-कई बार बिजली की ट्रिपिंग हो रही है। किसी-किसी इलाके में तो सुबह से गई बिजली कई-कई घंटे बाद आई। जिसके चलते लोगों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए। लोगों ने विद्युत विभाग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जब भीषण गर्मी की शुरूआत होती है तब विभाग को तार बदलने की सूझती है। गर्मी से पहले ही विभाग को अपने सारे कामों को पूरा कर लेना चाहिए लेकिन ऐसा किसी भी वर्ष नही होता। जिससे इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है। 

कई इलाकों में घटा जलस्तर

फतेहपुर। इन दिनों भीषण गर्मी का कहर लोगों को छकाए हुए है। ऐसे में सबसे अधिक दरकार लोगों को पानी की रहती है। गर्मी के दिनों में पानी की खपत भी बढ़ जाती है। प्रत्येक वर्ष गर्मी के मौसम में जलस्तर भी घट जाता है। ऐसा इस वर्ष भी हुआ और शहर क्षेत्र के कई इलाकों का जलस्तर बीस प्रतिशत तक घट गया है। जिसमें कई मुहल्ले इसकी चपेट में हैं। लोगों के घरों में लगे हैंडपम्पों ने पानी देना बंद कर दिया है अब लोग सिर्फ और सिर्फ जल निगम की पाइप लाइनों पर निर्भर हैं। पाइप लाइन से सिर्फ सुबह व शाम ही लोगों को पानी मिल पाता है। जिससे कई इलाकों में पेयजल के लिए हाहाकार मचा हुआ है। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages