नौतपा के दूसरे दिन भी गर्मी से बेहाल रहा जनजीवन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, May 26, 2024

नौतपा के दूसरे दिन भी गर्मी से बेहाल रहा जनजीवन

सड़कों पर पूरा दिन रहा सन्नाटा, शाम होने के बाद भी नहीं मिला सुकून

कूलर व पंखों ने दिया जवाब, सिर्फ एसी का बचा सहारा

फतेहपुर, मो. शमशाद । चालू माह के अंतिम पखवारे में गर्मी अपने चरम सीमा पर पहुंच गई है। नौतपा का रविवार को दूसरा दिन रहा। दूसरे दिन भी भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल रहा। सड़कों पर पूरा दिन जहां सन्नाटा पसरा रहा वहीं व्यापारी वर्ग भी खासा परेशान दिखाई दिया। शाम होने के बाद भी लोगों को उमस व भीषण गर्मी से सुकून नहीं मिला। कूलर व पंखों ने जवाब दे दिया है। यह संसाधन गर्मी से बचाव में नाकाफी साबित हो रहे हैं। सिर्फ और सिर्फ एसी का ही सहारा बचा है। बताते चलें कि एक पखवारे से गर्मी अपने शबाब पर है, लेकिन शनिवार से शुरू हुए नौतपा के बाद मौसम में और ज्यादा गर्माहट हो गई है। शनिवार को भी पूरा दिन लोग पसीने से तर-बतर रहे। रात में भी लोगों को सुकून नहीं मिला। भीषण गर्मी के बीच कूलर व पंखे नाकाफी साबित हुए। रात

रविवार की दोपहर मार्ग पर सन्नाटे का दृश्य।

भर लोगों को बिस्तर पर यही एहसास हुआ कि मानो आसमान से आग बरस रही हो। घरों के कमरे भी भट्ठी की तरह धधकते रहे। मकानों की दूसरी व तीसरी मंजिल पर रहने वाले लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को भी सुबह से ही मानो आसमान से आग बरस रही हो। पूर्वान्ह ग्यारह बजे के बाद मार्ग एकाएक सूने हो गए। जरूरी कार्यों से बाहर निकलने वाले लोग अपने आपको अंगौछा व दुपट्टे से ढके हुए दिखाई दिए। मार्गों पर दोपहर एक बजे से लेकर तीन बजे तक माहौल ऐसा रहा मानो कर्फ्यू लगा हो। शाम चार बजे के बाद लोग सड़कों पर निकले और अपने जरूरी कार्यों को निपटाया। लोगों का कहना रहा कि अभी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। तापमान में और बढ़ोत्तरी होगी और दो जून तक गर्मी ऐसे ही लोगों को छकाएगी।

विद्युत की आवाजाही कोढ़ में खाज

फतेहपुर। भीषण गर्मी के बीच जहां जनजीवन बेहाल है वहीं विद्युत विभाग का भी हाल बेहाल हो गया है। उमस व भीषण गर्मी के बीच तार व ट्रांसफार्मर भी साथ नहीं दे पा रहे हैं। जिसके चलते शहर क्षेत्र के सभी फीडरों की विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है। दिन में कई-कई बार विद्युत की आवाजाही किसी कोढ़ में खाज से कम नहीं है। लोगों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना रहा कि विभाग भीषण गर्मी का इंतजार करता है। चाहे तो विद्युत केबल व पुराने ट्रांसफार्मरों को बदलने का कार्य गर्मी से पहले भी किया जा सकता है। 

पेय पदार्थों की बिक्री में इजाफा

फतेहपुर। आसमान से बरस रही आग के बीच सड़कां पर निकलने वाले लोग ठंडे पेय पदार्थों पर निर्भर रहते हैं। इन दिनों बाजार में कोल्ड ड्रिंक्स के साथ-साथ गन्ने का जूस, मैंगो जूस व लस्सी की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। इस कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि उन्हें गर्मी का बेसब्री से इंतजार रहता है। क्योंकि इन तीन माह में ही वह साल भर की कमाई का इंतजाम करते हैं। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages