निःशुल्क लगवाएं स्मार्ट मीटर, गलत बिलों से पाएं छुटकारा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, August 2, 2024

निःशुल्क लगवाएं स्मार्ट मीटर, गलत बिलों से पाएं छुटकारा

मीटर रीचार्ज करने के लिए पोस्टपेड एवं प्री-पेड दोनों सुविधा

अब तक करीब छह सैकड़ा से अधिक उपभोक्ताओं के घर लग चुके मीटर

फतेहपुर, मो. शमशाद । दोआबा के बिजली उपभोक्ताओं को अब स्मार्ट मीटर से बिजली आपूर्ति देने की तैयारी तेजी पर है। पूरे जिले के बिजली उपभोक्ताओं के घरों में लगे डिजिटल मीटर को पहले हटाया जा रहा है। इसके बाद स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को मीटर रीडिंग की गड़बड़ी और गलत बिलों से छुटकारा मिल जाएगा, वहीं अधिकारी किसी भी मीटर का ऑनलाइन जायजा भी ले सकेंगे। सदर एसडीओ इंजी. एमएम सिद्दीकी ने बताया कि स्मार्ट मीटर पूरे जिले के बिजली उपभोक्ताओं के यहां निःशुल्क लगाए जाएंगे। पहले चरण में शहरी क्षेत्र को लिया गया है। शहर के अंदर सिविल लाइन में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरू हो चुका है, अभी तक करीब 600 से ऊपर उपभोक्ताओं के परिसर पर स्मार्ट मीटर स्थापित किया जा चुका है। बताया कि इस व्यवस्था से बिजली का लाइनलॉस काफी हद तक घटेगा। अभी तक डिजीटल मीटर से बिजली आपूर्ति दी जा रही हैं। इससे मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी, रीडिंग स्टोर करने के मामले थमने का नाम नहीं ले रही है। इस समस्या से निजात पाने को अब उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से आपूर्ति देने की तैयारी तेजी पर है। इसकी कवायद शुरू हो गई है, सभी डिजिटल मीटर को हटाया जाएगा, जिसके स्थान पर स्मार्ट मीटर से आपूर्ति मिलेगी। 

घर के बाहर लगा स्मार्ट मीटर।

स्मार्ट मीटर की ये हैं खूबियां

उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर पर लगी डिस्प्ले स्क्रीन के माध्यम से वर्तमान शेष बिजली बिल, बिजली की वर्तमान शेष राशि, पिछले महीने खपत बिजली की स्थिति का पता चल सकेगा। इसके जरिए उपभोक्ता बिजली की खपत को नियंत्रण में रख सकेंगे। फिलहाल अभी उपभोक्ताओं के लिए पोस्टपेड रीचार्ज की व्यवस्था दी जा रही है, बाद में इच्छुक लोगों को प्री-पेड व्यवस्था भी दी जाएगी। 

अधिकारी कार्यालय में बैठे ले सकेंगे जायजा

स्मार्ट मीटर स्वचालित रूप से अलार्म का उपयोग करता है। अधिकारी इसके जरिए आसानी से अपने कार्यालय में ही बैठ कर मीटर की स्थिति का जायजा ले सकेंगे। इससे चोरी पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा।

मीटर से छेड़छाड़ का चलेगा पता

बिजली चोरी के मकसद से मीटर के साथ छेड़छाड़ करना या उसे शंट कर देने की स्थिति में अधिकारी वास्तविकता को जान सकेंगे। इसके लिए मीटर में एक विशेष चिप होगी, जिसके जरिए प्रयोग की गई आपूर्ति की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

स्मार्ट मीटर से मिलने वाले लाभ

  • -गलत बिजली बिल से छुटकारा।
  • - हर माह रीडिंग कराने से छुटकारा।
  • -बिजली बिल पर लगने वाले ब्याज से छुटकारा।
  • -घर बैठे मीटर को रिचार्ज करने की सुविधा।
  • -बजट के अनुसार बिजली खर्च के नियंत्रण की सुविधा।
  • -किरायेदार और मकान मालिक के बीच बिल को लेकर विवाद की स्थिति से छुटकारा।
  • -संयोजन पर भारी बकाया हो जाने जैसी समस्या से छुटकारा।

कोट......

स्मार्ट मीटर बिल्कुल मुफ्त लगाया जा रहा है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को बहुत से लाभ मिल सकेंगे। स्मार्ट मीटर से उसका लाइव खपत एवं लोड उपभोक्ता स्वयं देख सकेगा- राजमंगल सिंह, अधिशाषी अभियंता।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages