चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टरेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाले निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें डीएम ने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बन्धित को कारण बताओ नोटिस जारी करने व वेतन रोकने के निर्देश दिए। बैठक में निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने पीडब्ल्यूडी को न्यू सर्किट हाउस परिसर में मिट्टी भराई और बाउंड्रीवाल का काम अतिरिक्त मैनपावर लगाकर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। यूपीपीसीएल को संयुक्त जिला चिकित्सालय में अग्निशमन प्रणाली का लंबित कार्य पूरा कर एनओसी लेने और 50 शैय्या क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का निर्माण सितंबर तक पूरा कराने के आदेश दिए। कहा कि प्रत्येक नवीन भवन पर
संबंधित कार्यालय का नाम स्पष्ट अंकित हो और हस्तांतरण के समय प्रचार-प्रसार सुनिश्चित हो। यूपी सिडको द्वारा जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (एटीएस) सरधुआ के मरम्मत कार्य की यूसी समय से न भेजने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को कारण बताओ नोटिस देने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। सीएनडीएस की धीमी प्रगति पर डीएम नमे नाराजगी जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी को कार्यदायी संस्था के प्रमुख सचिव को पत्र भेजने को कहा। बैठक में अनुपस्थित मिले क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी के खिलाफ भी पत्र भेजने के आदेश दिए।
यूपीपीसीएल के कार्यों की समीक्षा में डीएम ने श्रीराम वाटिका इको पार्क में गुणवत्तापूर्ण पौधरोपण, मडफा किला में विद्युत-पेयजल व्यवस्था और शिलापट्ट पर किले का इतिहास अंकित कराने के निर्देश दिए। साथ ही परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाले साउंड सिस्टम लगाने को कहा। इसके अलावा उन्होंने सीएमआईएस पोर्टल के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण, टाइल्स व फॉल्स सीलिंग में गुणवत्ता, नोडल अधिकारियों के निरीक्षण और सभी श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल सहित यूपीपीसीएल, पीडब्ल्यूडी, सेतु निगम, आवास एवं विकास परिषद, राजकीय निर्माण निगम, यूपी सिडको, सीएनडीएस, पर्यटन विभाग, सिंचाई एवं जल संस्थान विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment