चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के अभ्यर्थियों का नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम मंगलवार को प्रदेश स्तर पर लखनऊ में आयोजित किया गया। जिसके क्रम में जनपद के कलेक्टरेट सभागार सोनेपुर में भी कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। साथ ही जिले के कृषि विभाग में 39 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद आरके पटेल ने नवचयनित कार्मिकों को बधाई देते हुए राजकीय सेवा में पूरी निष्ठा से कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने भी चयनित अभ्यर्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के खरीफ सत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए नवचयनित प्राविधिक सहायकों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उप कृषि निदेशक जीत लाल गुप्ता ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्राविधिक सहायकों की नियुक्ति से कृषि विभाग के कार्यों को और गति मिलेगी तथा किसानों तक योजनाओं और तकनीकी जानकारी पहुंचाने में मदद मिलेगी। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, पूर्व राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिला महामंत्री आलोक पांडेय, सीडीओ डीपी पाल, जिला कृषि अधिकारी आर के वर्मा, भूमि संरक्षण अधिकारी बलजीत बहादुर वर्मा, सुरूचि विश्वकर्मा सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment