चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के निर्देश पर गुरुवार को विकास भवन सभागार कर्वी में कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के तहत किसानों के चयन के लिए ई-लाटरी कराई गई। मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल की अध्यक्षता में हुई प्रक्रिया में ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले किसानों ने प्रतिभाग किया। सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन और फसल अवशेष प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक, रोटावेटर, कल्टीवेटर, रीपर-कंबाइनर और मल्टीक्रॉप थ्रेसर समेत विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए कुल 53
किसानों का चयन हुआ। ई-लाटरी चयन समिति के सदस्यों और ऑनलाइन आवेदन करने वाले किसानों की मौजूदगी में संपन्न हुई। समिति में जिला कृषि अधिकारी आरके वर्मा, अग्रणी बैंक के जिला प्रबंधक प्रभात कुमार मेहता, कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां के वैज्ञानिक उत्तम कुमार त्रिपाठी, जिला उद्यान अधिकारी प्रतिभा पांडेय और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सुखदेव पटेल शामिल रहे। प्रगतिशील किसानों ने भी प्रक्रिया में भाग लिया। ई-लाटरी के समापन पर उप कृषि निदेशक जीत लाल गुप्ता ने चयन समिति और उपस्थित किसान बंधुओं का आभार जताया।


No comments:
Post a Comment