खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, August 18, 2026

खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

पैलानी/बांदा, के एस दुबे । जसपुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर में मंगलवार को खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग जाने से गांव में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि जितेंद्र सिंह और ग्रामीणों ने साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए जलते हुए सिलेंडर को घर से बाहर खुले मैदान में पहुंचा दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। बताया गया कि जितेंद्र सिंह के घर में खाना बनाने के लिए गैस जलाते ही पूरे सिलेंडर में आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। जितेंद्र सिंह के छोटे भाई मंगल सिंह ने बताया कि गैस जलाते ही सिलेंडर में आग भड़क उठी। ग्रामीणों ने आग बुझाने के लिए बालू और कपड़ों का भी इस्तेमाल किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।


ग्रामीणों ने किसी तरह जलते हुए सिलेंडर को घर से बाहर निकालकर खुले मैदान में पहुंचाया। ग्रामीण कपूर सिंह, नारायण सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि यदि आग की चपेट में आया सिलेंडर फट जाता तो आसपास के घरों और लोगों को भारी नुकसान हो सकता था। सूचना मिलने पर जसपुरा थाने के हल्का इंचार्ज अशोक कुमार यादव पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल के आसपास ग्रामीणों की आवाजाही रोक दी और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की हिदायत दी।

ग्रामीणों की सूचना पर फायर ब्रिगेड को भी जानकारी दी गई। करीब एक घंटे बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची और जलते हुए सिलेंडर की आग पर सफलतापूर्वक काबू पाया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीण नरेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगा सिलेंडर एलजी कंपनी का था, जिसे जसपुरा एजेंसी से लाया गया था और वह जनरल खाते का सिलेंडर था। वहीं सुनील सिंह ने बताया कि काफी देर तक ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस-फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages