चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) की ओर से ग्राम बनाड़ी में प्रस्तावित देवांगना नगर आवासीय योजना का जिलाधिकारी ने बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सचिव साडा स्वप्निल कुमार यादव ने बताया कि 11.923 हेक्टेयर क्षेत्रफल में योजना विकसित की जानी है, जिसमें 421 आवासीय और चार व्यावसायिक प्लाट प्रस्तावित हैं। अब तक किसानों से 5.435 हेक्टेयर भूमि क्रय की जा चुकी है, जबकि शेष भूमि खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। क्रय की गई भूमि पर पिलर लगाने का कार्य भी जारी है। जिलाधिकारी ने पिलर स्थापना का कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराने के
निर्देश दिए। साथ ही शेष भूमि के लिए संबंधित किसानों से वार्ता कर खरीद प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा, ताकि योजना का कार्य जल्द शुरू कराया जा सके। इस दौरान बनाड़ी और गढ़ीवा में सड़क किनारे चल रहे निर्माण और प्लाटिंग को देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अवर अभियंता ज्ञानेन्द्र बहादुर सिंह को निर्माण तत्काल रुकवाकर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी निर्माण या प्लाटिंग की अनुमति नहीं होगी। इस मौके पर तहसीलदार कर्वी, प्राधिकरण के अभियंता सहित संबंधित लेखपाल आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment