चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : खराब रास्ते में आवागमन के दौरान होने वाली परेशानी को लेकर बुधवार को दर्जनों ग्रामीणों ने बसपा जिलाध्यक्ष अधिवक्ता शिवबाबू वर्मा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी पुलकित गर्ग को पत्र सौंपकर समस्या निस्तारण की मांग की गई। बसपा जिलाध्यक्ष अधिवक्ता शिवबाबू वर्मा ने बताया कि पहाड़ी ब्लाक मुख्यालय से मात्र 2.5 किमी. की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत पहाड़ी बुजुर्ग के मजरा भगौतापुरवा में आजादी के इतने वर्ष बीतने के बाद भीस सड़क की सुविधा नहीं है। लगभग 1.5 किमी. सम्पर्क मार्ग का निर्माण न होने से यहां आवागमन करने वाले ग्रामीणों को प्रतिदिन कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से बारिश के दिनों में स्थिति अत्यंत दयनीय एवं चिंताजनक हो जाती है। रास्ता खराब होने के कारण बीमार
व्यक्ति को अस्पताल तक ले जाने के लिए चारपाई का सहारा लेना पड़ता है। इसी प्रकार यहां के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में भी परेशानी होती है। ऐसे में भगौतापुरवा में लगभग 1.5 किमी. के सम्पर्क मार्ग के निर्माण के लिए स्थलीय निरीक्षण एवं सर्वें कराते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराकर निर्माण स्वीकृत कराया जाए और सम्बन्धित विभाग को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए जाएं। इस मौके पर बसपा नेता सोनपाल वर्मा, गांव के युवा समाजसेवी आकाश कुशवाहा, सुशील कुमार, संगीता, रोशनी, शिवम, धीरज, पवन, आशीष कुमार, अंतिमा, ऊषा देवी, अनामिका, अयोध्या प्रसाद आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment