जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कर्वी में बुधवार को एनसीईआरटी नई दिल्ली के निर्देशन में राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय लोकनृत्य, पोस्टर, पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या शशिकला सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ ही उनके अंदर रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास का विकास करती हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ कला, संस्कृति, लेखन और सामाजिक विषयों से जुड़ी गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर
प्रतिभाग करना चाहिए। वही विद्यालय की प्रधानाचार्या शशिकला सिंह ने कहा कि विद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि छात्राओं ने लोकनृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरती है और उन्हें अपनी क्षमता को पहचानने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम की नोडल अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए। जिसमें लोकनृत्य प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं सरस्वती, संध्या, अनन्या, सुहानी, महालक्ष्मी एवं अंकिता ने शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकूट इंटर कॉलेज की छात्राओं ने द्वितीय स्थान हासिल किया। पोस्टर प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की मोहिनी अहिरवार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। चित्रकूट इंटर कॉलेज की अंशिका सिंह द्वितीय तथा श्री गंगा प्रसाद जनसेवा इंटर कॉलेज के अनुपम सिंह तृतीय स्थान पर रहे। पेंटिंग प्रतियोगिता में चित्रकूट इंटर कॉलेज के उमेश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की मनीषा ने द्वितीय तथा श्री गंगा प्रसाद जनसेवा इंटर कॉलेज के दीपक ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी क्रम में निबंध प्रतियोगिता में श्री गंगा प्रसाद जनसेवा इंटर कॉलेज की दीपांजलि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की सोनम द्वितीय तथा चित्रकूट इंटर कॉलेज के अरुण जायसवाल तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. गौर लाल यादव, मोहित कुमार सिंह, सनत द्विवेदी एवं रूबी पाल शामिल रहे। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की राधा सिंह, प्रियांशी गुप्ता, प्रज्ञा पाठक, नीलम जैन, रश्मि बाजपेई, गौरव सिंह, शोभा देवी एवं गरिमा सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।


No comments:
Post a Comment