कृषक समृद्धि योजना व भारत टैक्सी सेवा का सीएम ने लखनऊ से किया शुभारम्भ - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, September 23, 2026

कृषक समृद्धि योजना व भारत टैक्सी सेवा का सीएम ने लखनऊ से किया शुभारम्भ

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण कलेक्टरेट सभागार में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के अधिकारियों, बी-पैक्स पदाधिकारियों और किसानों ने भाग लिया। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को कृषि तथा कृषि आधारित गतिविधियों के लिए दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। पात्र किसानों को छह लाख रुपये तक का ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर मिलेगा। समय से किस्त जमा करने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा। योजना के लिए प्रदेश सरकार ने 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं और आगामी पांच वर्षों में करीब पांच लाख


किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। ऋण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर जोर दिया गया है। इसी अवसर पर भारत टैक्सी सेवा भी शुरू की गई। सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा संचालित इस सहकारी डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म में चालक सदस्य और हितधारक के रूप में जुड़ेंगे। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ चालकों के रोजगार व स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी महिमा विद्यार्थी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, एलडीबी शाखा अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, सहायक विकास अधिकारी बिजेंद्र मिश्रा, इफको प्रतिनिधि नीरज राजवीर सिंह समेत बी-पैक्स पदाधिकारी व किसान मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages