बांदा, के एस दुबे । जिले की राजनीति में शनिवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके मयंक द्विवेदी ने बसपा छोड़कर आधिकारिक रूप से समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गरिमामयी मौजूदगी में उन्हें पार्टी में शामिल कराया गया। मयंक द्विवेदी लंबे समय से बांदा और बुंदेलखंड की क्षेत्रीय राजनीति में काफी सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं और वे दो बार जिला पंचायत सदस्य भी रह चुके हैं। मयंक द्विवेदी का परिवार बसपा की राजनीति से लंबे समय तक जुड़ा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय पुरुषोत्तम नरेश द्विवेदी वर्ष 2007 में नरैनी विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के विधायक रह चुके हैं।
क्षेत्रीय समीकरणों में नए बदलाव की चर्चाआगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच मयंक द्विवेदी के दल बदलने से बाँदा और चित्रकूट के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मयंक द्विवेदी के सपा में आने से समाजवादी पार्टी को बुंदेलखंड क्षेत्र में एक सशक्त और मजबूत ब्राह्मण चेहरा मिला है, जिससे स्थानीय स्तर पर पार्टी के समीकरण मजबूत होंगे।अब मयंक द्विवेदी समाजवादी पार्टी के साथ अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे। उनके इस कदम से क्षेत्र में बसपा के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।


No comments:
Post a Comment