जगत माता का सजेगा दरबार, 1140 पंडालों में विराजेंगी जगदंबे - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, October 2, 2024

जगत माता का सजेगा दरबार, 1140 पंडालों में विराजेंगी जगदंबे

शहर में 400 दुर्गा प्रतिमाओं की होगी स्थापना, देर रात तक लाई गईं दुर्गा प्रतिमाएं

गाजे-बाजे के साथ सैकड़ों देवी भक्तों ने थिरकते हुए की मातारानी की अगुवानी

गुरुवार को देर शाम तक मातारानी की प्रतिमाएं पंडालों में हवन-पूजन के साथ होंगी स्थापित

बांदा, के एस दुबे । नवरात्र महोत्सव गुरुवार से शुरू हो रहा है। पूरे जिले में 1140 दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना पंडालों में की जाएगी। नवरात्र महोत्सव का उत्साह देवी भक्तों में नजर आ रहा है। मातारानी की प्रतिमाएं पंडाल तक ले जाने में देवी भक्तों ने डीजे और गाजे-बाजे का इस्तेमाल किया। जुलूस की शक्ल में शहर में घूमे। जमकर आतिशबाजी की गई। मातारानी की अगुवानी का यह दृश्य देखकर शहर के लोगों ने कहा कि जगत माता की अगवानी बहुत ही मनमोहक है। गौरतलब हो कि नवरात्र महोत्सव को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है। पीस कमेटी की बैठकें करके कलेक्ट्रेट परिसर और थाना परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि अराजकतत्वों ने अगर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न की तो सख्ती के साथ निपटा जाएगा। गुरुवार से शुरू हो रहे नवरात्र महोत्सव में अबकी बार पूरे जिले में 1140 दुर्गा प्रतिमाएं पंडालों में स्थापित की जाएंगी। इनमें शहर में स्थापित होने वाली 400 प्रतिमाएं भी शामिल हैं। अतर्रा कस्बे में अबकी बार 150 दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना होगी। पिछले वर्ष की तुलना में 55 दुर्गा पंडालों का इजाफा हुआ है। इसको लेकर पंडाल सजाने वालों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पंडालों में बांस-बल्ली और सजावट की सामग्री लगाने का सिलसिला जारी है। एलआईयू रिपोर्ट के मुताबिक जिले में 1140 प्रतिमाएं स्थापित होंगी। सीओ सिटी राजवीर सिंह ने बताया कि शहर में वैसे तो 249 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित होंगी, लेकिन छोटी प्रतिमाओं को भी अगर गिना जाए तो दुर्गा प्रतिमाओं की सख्या 400 हो जाती है। इसी तरह अतर्रा कस्बे में अबकी बार 150 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। पिछले वर्ष की तुलना में 55 प्रतिमाएं अधिक हैं। अतर्रा कोतवाली प्रभारी इंचार्ज प्रेमपाल सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष कस्बे में दुर्गा प्रतिमाओं की संख्या 95 थी। लेकिन अबकी बाद दुर्गा प्रतिमाओं की संख्या में इजाफा हुआ है। इधर, सीओ सिटी राजवीर सिंह का कहना है कि कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन और कोतवाली परिसर में आयोजित हुई शांति समिति की बैठकों में पंडाल सजाने वाले समिति सदस्यों के साथ ही केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति पदाधिकारियों से कहा गया है कि प्रतिमाओं का साइज अधिक न हो, क्योंकि शहर में खींचे गए बिजली के तारों को एक सीमा तक ही ऊपर किया जा सकता है। अधिक ऊंचाई होने पर तमाम परेशानियां होंगी।

जगत माता महेश्वरी की प्रतिमा लेकर जाते श्रद्धालु।

शहर में निकला जुलूस, कई स्थानों पर लगा जाम

बांदा। नवरात्र महोत्सव शुरू होने के पहले ही मातारानी की अगुवानी का जुनून देखने को मिला। जगत जननी मां जगदंबे की प्रतिमाओं को पंडाल तक लाने के दौरान हजारों की संख्या में देवी भक्त डीजे की धुन पर थिरकते और गुलाल उड़ाते हुए नजर आए। आगे-आगे जुलूस और पीछे देवी भक्तों के साथ ही सुरक्षा के लिहाज से पुलिस भी लगातार कदमताल करती नजर आई। इस दौरान देवी भक्तों ने मातारानी का गगनभेदी जयघोष लगाया, जमकर आतिशबाजी की गई। शहर के बाबूलाल चौराहा, महेश्वरी देवी चौराहा समेत विभिन्न स्थानों पर मातारानी की प्रतिमाएं पंडाल तक पहुंचाने के दौरान जाम लगा रहा।

धूमधाम से हुई महेश्वरी देवी की प्रतिमा की अगवानी

बांदा। शहर के महेश्वरी देवी बाल समाज के तत्वावधान में पूरे नौ दिनों तक शारदीय नवरात्र महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मंगलवार की रात मध्य प्रदेश के जबलपुर से लाई गई मातारानी की प्रतिमा का नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। शहर के बाबूलाल चौराहे पर जहां भाजपा नेता मुदित शर्मा व सपा नेता शेखर शर्मा ने मातारानी की जोरदार अगवानी की, वहीं रामदरबार बाल समाज के महेंद्र धुरिया व रामलीला बाल समाज के नारायण धुरिया, शनि धुरिया आदि ने अपनी पूरी टीम के साथ मां जगदंबे का शहर में भव्य स्वागत किया। मां दुर्गा की विशाल शोभा यात्रा अतर्रा चुंगी से शहर में प्रवेश के साथ विभिन्न मार्गाें से होते हुए महेश्वरी देवी मंदिर के पास स्थित पंडाल तक निकाली गई। महेश्वरी देवी मंदिर चौक पर विभिन्न झांकियों के साथ रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने मन मोह लिया। देररात तक चले कार्यक्रम में आतिशबाजी और भक्तिगीतों का दौर चलता रहा। इस मौके पर सदर विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित बासू, केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति के अध्यक्ष अमित सेठ भोलू, सभासद आशीष गुप्ता, मनीष रैकवार, राकेश गुप्ता दद्दू, मयंक सर्राफ, सचिन मिश्रा, पुष्कर द्विवेदी, मोहित गुप्ता, यशराज गुप्ता, कल्लू सिंह राजपूत, अनिरुद्ध त्रिपाठी दद्दा समेत सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages