अल मदद पीराने पीर, गौसे आजम दस्तगीर’ से गूंजा बांदा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, September 24, 2026

अल मदद पीराने पीर, गौसे आजम दस्तगीर’ से गूंजा बांदा

फिरोजी परचम के साथ शान-ओ-शौकत से निकला जुलूस-ए-गौसिया,

जुलूस में उमड़े अकीदतमंद, जगह-जगह स्टाल लगाकर हुआ स्वागत

बांदा, के एस दुबे । हजरत सैय्यद अब्दुल कादिर जीलानी सरकार गौसे आजम की याद में गुरुवार को जुलूस-ए-गौसिया अकीदत और शान-ओ-शौकत के साथ निकाला गया। जुलूस के दौरान ‘अल मदद पीराने पीर, गौसे आजम दस्तगीर’ के नारों और गौसे पाक की मनकबत व नात-ए-पाक से शहर का माहौल गूंजता रहा। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। मरकजी कमेटी खुद्दाम-ए-गौस-ओ-ख्वाजा के तत्वावधान में दोपहर बाद छिपटहरी स्थित शेख सरवर साहब की मस्जिद से जुलूस की शुरुआत हुई। सरपरस्त हबीब बाबा और सदर मौलाना नजमुज्जफर ने हरी झंडी दिखाकर जुलूस को रवाना किया। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ खानकाह दरगाह पहुंचा, जहां तोशा की फातेहा के साथ इसका समापन हुआ।


इस मौके पर सदर मौलाना नजमुज्जफर ने कहा कि गौसे पाक हजरत अब्दुल कादिर जीलानी के बताए और दिखाए रास्ते पर चलकर इंसान अपनी दुनिया और आखिरत संवार सकता है। उन्होंने कहा कि गौसे आजम अल्लाह के महबूब बंदे और वलियों के सरदार हैं। उनकी जिंदगी और शिक्षाओं से लोगों को सबक लेकर नेक रास्ते पर चलना चाहिए।

जुलूस में फिरोजी परचम के साथ खाने काबा के तुगरे, गुम्बदे खजरा, गौसे पाक के मजार के गुंबद समेत विभिन्न धार्मिक झांकियां शामिल रहीं। झांकियों और सजे हुए परचमों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जुलूस के साथ चल रहे अकीदतमंद नात-ए-पाक और गौसे पाक की मनकबत पढ़ते नजर आए। जुलूस के मार्ग में शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने स्वागत स्टाल लगाए। अकीदतमंदों का फूलों और अन्य तरीकों से स्वागत किया गया। जुलूस के दौरान फातेहाख्वानी और सलातो-सलाम भी हुआ। खानकाह दरगाह पहुंचने पर देश और दुनिया में अमन, शांति और खुशहाली के लिए दुआ की गई। इसके बाद जुलूस का समापन किया गया। इस दौरान मरकजी कमेटी के सचिव सैय्यद इमरान अली, मेराज हशमती, नसीब चिश्ती, मौलाना मिराजुलहसन, गौसुल इमरान रजा, अब्दुर्रहमान, फारूक अहमद, राशिद भाई, बाबू भाई, मोहम्मद अनीस, मुबश्शर रजा, सादिक अली, उवैश लाला, एडवोकेट आसिफ उद्दीन, मेराज अली, अब्दुल रब, बरकत अली, निशात रजा, शहर की विभिन्न कमेटियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता समेत क्षेत्राअधिकारी नगर, कोतवाली प्रभारी नगर बलराम सिंह, मर्दन नाका चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार सहित कई चौकी इंचार्ज मौजूद रहे।






No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages