18 खाद्य नमूनों की जांच
लैब रिपोर्ट का इंतजार
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । जिले में नवरात्रि के मौके पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के चलाए गए विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्यवाही सामने आई है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं डीएम चित्रकूट के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) सुश्री प्रियंका सिंह के निर्देश में 29 मार्च से 4 अप्रैल तक जिलेभर में खाद्य सुरक्षा टीम ने सघन निरीक्षण अभियान चलाया। जिसमें कुल 18 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। वहीं, एक बड़ी कार्यवाही करते हुए कालूपुर पाही कर्वी के अन्नपूर्णा गृह उद्योग नामक निर्माण इकाई को सील कर दिया गया, जो कि बिना किसी वैध पंजीकरण अथवा लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित हो रही थी।
![]() |
मौके पर जांच कर नमूना लेते खाद्य अधिकारी |
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मौके से लगभग 1091 किलोग्राम बेसन (अनुमानित मूल्य 68,640 रूपए), 1248 किलोग्राम मटर बेसन (49,920 रूपए) और 3264 किलोग्राम आटा (84,864 रूपए) सीज किया। साथ ही, अन्नपूर्णा गृह उद्योग से बेसन, मटर बेसन व आटे के चार नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु संग्रहित किए गए। इन नमूनों के अलावा कर्वी, मऊ, पहाड़ी, सरधुवा और राजापुर क्षेत्रों से मिश्रित दूध, सेंधा नमक, किसमिस, छुहारा, अखरोट, साबूदाना, पनीर, घी, बादाम शेक के नमूने भी संकलित किए गए। सहायक आयुक्त सुश्री प्रियंका सिंह ने बताया कि सभी नमूने खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्यवाही में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण प्रदीप कुमार, विनय कुमार एवं प्रमोद कुमार सोनकर भी शामिल रहे।
No comments:
Post a Comment